Kesar Dev Marwari accident: खाटूश्यामजी के रींगस में दर्दनाक हादसा, ट्रक से भिड़ी कार, हास्य कवि केसर देव मारवाड़ी का निधन

Channelindiaone
2 Min Read

सीकर/रींगस: राजस्थान के सीकर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध हास्य कवि केसर देव मारवाड़ी का सड़क हादसे में निधन हो गया। रींगस क्षेत्र में उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

केसर देव मारवाड़ी अपनी अनोखी शैली, मारवाड़ी भाषा और मंच पर ठहाके बिखेरने वाली कविताओं के लिए पूरे राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर में पहचाने जाते थे। कवि सम्मेलनों में उनकी प्रस्तुतियों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ते थे।

हादसा इतना भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। लोहे की चादरें अंदर तक मुड़ गईं और गाड़ी बुरी तरह पिचक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दृश्य इतना भयावह था कि देखकर रोंगटे खड़े हो गए।

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केसर देव मारवाड़ी का शव कार में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालना पड़ा।

पत्नी सुरक्षित, अस्पताल में इलाज जारी

पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार में उनकी पत्नी चंदा प्रजापत भी मौजूद थीं। उन्हें हल्की चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं। शव को रींगस के राजकीय उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

साहित्य जगत में शोक की लहर

केसर देव मारवाड़ी अपनी हास्य कविताओं और मंचीय प्रस्तुतियों के जरिए लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए जाने जाते थे। वे छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके भाई देगा राम प्रजापत ने बताया,
“वह घर के सबसे लाडले थे। सबको हंसा-हंसा कर लोटपोट कर देते थे। उनका अचानक जाना हम सबके लिए सबसे बड़ा आघात है।”

उनके आकस्मिक निधन से साहित्य जगत और शिक्षा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। केसर देव अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!