जयपुर | राजस्थान
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और शिक्षा से जुड़े एक बड़े आयोजन में शिरकत की। राजधानी जयपुर के कॉमर्स कॉलेज में आज सरस्वती वंदना, युवा संवाद और राज्य स्तरीय मेगा पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन) का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सीएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री 51 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल और हजारों विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्ट वाउचर वितरित करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।
मेगा PTM का लक्ष्य – शिक्षा में भागीदारी और पारदर्शिता
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस ऐतिहासिक पहल के तहत पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक साथ मेगा पीटीएम और निपुण मेले आयोजित किए जा रहे हैं।
– करीब 65 लाख अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई और विकास की जानकारी देने का लक्ष्य रखा गया है।
– यह कार्यक्रम पीडी और यूसीडी स्तर के सभी राजकीय विद्यालयों में आयोजित हो रहा है।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जयपुर के कॉमर्स कॉलेज में सुबह 11 बजे शुरू होगा, जहां मुख्यमंत्री विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे।
छात्रों को मिलेगी सुविधा, सीएम करेंगे सीधा संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, निपुण लक्ष्य और स्कूल शिक्षा के अनुभवों पर बातचीत करेंगे।
– लगभग 6 लाख विद्यार्थियों को परिवहन वाउचर देने का लक्ष्य है।
– राज्य स्तरीय कार्यक्रम में करीब 5000 विद्यार्थी, 1000 अभिभावक और 500 शिक्षक शामिल होंगे।
– कॉलेज शिक्षा से जुड़े 5000 और कौशल शिक्षा से जुड़े 1000 प्रतिभागियों की भी उपस्थिति संभावित है।
वर्चुअल माध्यम से पूरे प्रदेश से जुड़ेंगे लोग
प्रदेश के सभी जिलों में जिला और ब्लॉक स्तर पर वर्चुअली मुख्यमंत्री से जुड़ने की व्यवस्था की गई है, ताकि हर जिले के शिक्षक, छात्र और अभिभावक इस संवाद का हिस्सा बन सकें।
शिक्षा विभाग का कहना है कि यह आयोजन राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश में स्कूल शिक्षा से जुड़ा अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक सहभागिता कार्यक्रम बन सकता है।

