नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की SWAT टीम में तैनात 27 वर्षीय महिला कमांडो काजल की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान उनके पति अंकुर ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर सिर में चोटें आईं और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डम्बल से हमला, सिर दीवार पर पटका
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकुर ने काजल के सिर को दरवाजे पर कई बार पटका और फिर डम्बल से वार किया। फॉरेंसिक टीम को घर से खून के निशान और वही डम्बल मिला है, जिससे हमला किए जाने की आशंका है।
चार महीने की गर्भवती थीं काजल
काजल के पिता ने बताया कि उनकी बेटी चार महीने की गर्भवती थीं।
उन्होंने कहा, “मेरी बेटी और उसका अजन्मा बच्चा – दोनों की हत्या कर दी गई है। यह एक नहीं, दो-दो हत्याएं हैं।”
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और पति व ससुराल वाले अक्सर मारपीट करते थे।
हमले के बाद भाई को फोन कर कहा – ‘मैंने उसे मार दिया’
बताया जा रहा है कि 22 जनवरी को हमला करने के कुछ ही देर बाद अंकुर ने काजल के भाई को फोन कर कहा कि उसने काजल को मार दिया है और परिवार को आकर शव ले जाना चाहिए। इसके बाद परिवार दिल्ली पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इलाज के दौरान मौत
गंभीर हालत में काजल को पहले दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित तारक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी पति अंकुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

